कलेक्टर की अगुवाई में जनगणना 2027 का आज से जिले में हुआ शंखनाद
जिले में जनगणना उत्सव प्रारंभ प्रगणक दे रहे हैं मकानों को नई पहचान

सिंगरौली,/ कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल के कुशल नेतृत्व में आज से ऊर्जाधानी सिंगरौली में ‘जनगणना 2027 के महाअभियान का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। देश के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के पहले चरण में 1 मई से 30 मई तक जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मकानों की नंबरिंग और सूचीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। कलेक्टर श्री बैनल के निर्देशन में आज सुबह से ही जिले के निर्धारित क्षेत्रों में प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर पहुंचे और पूरी पारदर्शिता के साथ डिजिटल माध्यम से मकानों पर मार्किंग एवं परिवारों की प्रारंभिक जानकारी एकत्रित करने का कार्य प्रारंभ किया।
अभियान की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय चार्ज अधिकारियों ने फील्ड में उतरकर प्रगणकों के कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि यह जनगणना केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आगामी दशकों के लिए जिले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं के निर्माण का मुख्य आधार है। कलेक्टर एवं जिला प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल ने सिंगरौली के समस्त नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सटीक एवं सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में सिंगरौली अपनी प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित कर सके।













