मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में 5 मई से शुरू होगा ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह’ 2026

एक माह तक चलेंगे शिविर; फुटबॉल, क्रिकेट, कबड्डी समेत कई खेलों का मिलेगा प्रशिक्षण

सिंगरौली।संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर ‘आरोह’ 2026 का आयोजन 5 मई से 4 जून 2026 तक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान छात्र-छात्राओं के समय का सदुपयोग करते हुए उनकी खेल प्रतिभा को निखारना है।

जिला मुख्यालय सहित विभिन्न विकासखंडों में आयोजित होने वाले इस शिविर में फुटबॉल, क्रिकेट, खो-खो, बास्केटबॉल, कुश्ती एवं कबड्डी जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैढ़न स्थित राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में फुटबॉल और क्रिकेट, काईटराइज पब्लिक स्कूल में खो-खो तथा कन्या महाविद्यालय में बास्केटबॉल का प्रशिक्षण आयोजित होगा।

वहीं देवसर विकासखंड में कबड्डी का प्रशिक्षण एकलव्य विद्यालय बरगवां तथा कुश्ती का प्रशिक्षण शासकीय उत्कृष्ट उमावि देवसर में दिया जाएगा। चितरंगी विकासखंड में फुटबॉल एवं खो-खो के शिविर शासकीय उत्कृष्ट उमावि चितरंगी और पूर्व माध्यमिक विद्यालय खम्हरिया में संचालित होंगे।

शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों—असगर अली, प्रियंक तिवारी, अर्पित गुप्ता, डॉ. उमाकांत सिंह, सुनीता मिश्रा, कत्यायनी द्विवेदी, जगदीश सिंह एवं लाल सुंदर बैस—द्वारा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राहुल कुमार सैयाम ने जिले के छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा को विकसित करें।

Author

Related Articles

Back to top button