मजदूर दिवस पर रेडक्रॉस की पहल: 247 श्रमिकों को मिला निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ

सिंगरौली। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर Indian Red Cross Society, सिंगरौली द्वारा बैढ़न स्थित अंबेडकर चौक के पास निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राम निवास शाह उपस्थित रहे, जबकि आयोजन रेडक्रॉस चेयरमैन एस.डी. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर में कुल 247 महिला एवं पुरुष श्रमिकों ने भाग लिया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप की जांच निःशुल्क की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया और जरूरतमंदों को दवाइयों का वितरण किया गया। मिश्रा पॉली क्लीनिक के डॉ. डी.के. मिश्रा सहित अन्य चिकित्सकों ने भी अपनी सेवाएं दीं।
मुख्य अतिथि विधायक राम निवास शाह ने श्रमिकों को देश की प्रगति का आधार बताते हुए उनके स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। वहीं रेडक्रॉस चेयरमैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद वर्ग तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला न्यायालय के अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य तथा कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।













