बिना परमिट स्कूल वाहनों पर कड़ा एक्शन: 7 वाहनों पर ₹1.38 लाख का जुर्माना
कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध संचालन पर कार्रवाई

सिंगरौली।जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। परिवहन आयुक्त की कार्ययोजना एवं कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में चेकपोस्ट प्रभारी विभा उइके व उनकी टीम ने बिना परमिट संचालित हो रहे स्कूल वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 7 वाहनों से कुल ₹1,38,000 की दंडात्मक वसूली की।
अभियान के दौरान जांच में सामने आया कि कई स्कूल बस एवं वैन संचालक नियमों का उल्लंघन करते हुए टैक्स चोरी कर वाहनों का उपयोग मैरिज पार्टी और अन्य व्यावसायिक कार्यों में कर रहे थे। साथ ही कई वाहन क्षमता से अधिक सवारी लेकर चल रहे थे, जिससे यात्रियों—विशेषकर महिलाओं और बच्चों—की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी।
परिवहन विभाग के अनुसार इन वाहनों में वैध परमिट, टैक्स और अन्य जरूरी दस्तावेजों का अभाव पाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में किसी दुर्घटना के दौरान बीमा कंपनी जिम्मेदारी से पीछे हट सकती है, जिससे वाहन मालिक और चालक पर ही पूरा दायित्व आ जाता है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटे गए। हालांकि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वाहनों को तत्काल जब्त नहीं किया गया, ताकि शादी समारोहों में शामिल आम नागरिकों को असुविधा न हो।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित और वैध परिवहन साधनों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।













