कौशांबी में दर्दनाक हादसा: मिट्टी का टीला ढहने से मां-बेटी समेत 3 महिलाओं की मौत तालाब पर खुदाई के दौरान हुआ हादसा, 2 गंभीर घायल

लखनऊ. Kaushambi जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के चक थांभा गांव में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक टीला ढह गया, जिससे मां-बेटी समेत तीन महिलाओं की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव की महिलाएं और बच्चे घर की पुताई के लिए तालाब से मिट्टी लेने पहुंचे थे। खुदाई के दौरान वहां सुरंग जैसी संरचना बन गई थी, जिसमें लोग अंदर तक चले गए। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और कई लोग मलबे में दब गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने गीता देवी (45), उनकी बेटी अंकिता (8) और उत्तरा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित कुमार और तिजिया देवी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।













