सतना में ट्रेन की चपेट में आया तेंदुआ, ट्रैक किनारे मिला शव
तिघरा फाटक के पास घटना, वन विभाग जांच में जुटा

सतना. Satna जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र में सतना-उचेहरा रेलखंड के तिघरा फाटक के पास रविवार सुबह एक तेंदुए की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 9:30 बजे रेलवे ट्रैक पर शव देखा और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और Mukundpur Tiger Safari की टीम को भी बुलाया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तेंदुआ ट्रैक पार करते समय किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि अन्य संभावित कारणों को लेकर भी जांच जारी है।
वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।













