सीईओ जिला पंचायत ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के कार्य में लापरवाही बरतने पर 6 पंचायत सचिवों की वेतन वृद्धि रोकने के दिए निर्देश

सिंगरौली-जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, श्री जगदीश कुमार गोमे ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरतने वाले 6 पंचायत सचिवों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है। जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान यह पाया गया कि कई ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति अत्यंत निराशाजनक है। इस न्यून प्रगति को देखते हुए सीईओ ने जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत माचीकला और जनपद पंचायत बैढ़न की ग्राम पंचायत भंवरखोंह, बरहपान, तियरा, पिपराकुरूंद एवं उर्ती के सचिवों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए उनकी दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा के दौरान प्राप्त आंकड़ों से स्पष्ट होता है कि इन पंचायतों में किश्तों के वितरण और कार्य की पूर्णता में भारी अंतर है। उदाहरण के तौर पर, बरहपान में 127 लाभार्थियों को प्रथम किश्त तो मिलन गई, लेकिन केवल 58 आवास ही पूर्ण हो सके हैं। इसी प्रकार तियरा ग्राम पंचायत में स्थिति और भी चिंताजनक है, जहाँ 79 प्रथम किश्त के मुकाबले मात्र 07 आवास पूर्ण हुए हैं और द्वितीय से तृतीय किश्त के बीच 44 का बड़ा अंतर देखा गया है। उर्ती और माचीकला जैसी पंचायतों में भी लक्ष्य और पूर्णता के बीच का फासला काफी अधिक है। सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट निर्देश दिए द है कि शासकीय योजनाओं में सुस्ती और टालमटोल स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों पर भविष्य में भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।













