सिंगरौली में आदिवासी युवक की पिटाई पर बवाल
वीडियो वायरल होते ही एक्शन: आरोपी गिरफ्तार, मंत्री पहुंचीं पीड़ित के घर

सिंगरौली. निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट क्षेत्र में बैगा आदिवासी युवक अन्नेलाल बैगा की बेरहमी से पिटाई का मामला अब बड़ा मुद्दा बन गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मामला अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ चुका है।

मंत्री ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दिए सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए Radha Singh खुद बैगा बस्ती पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और ढांढस बंधाया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित के इलाज में कोई लापरवाही न हो और जरूरत पड़ने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया जाए। साथ ही बस्ती में सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आरोपी की ‘मुस्कुराती’ फोटो से भड़का गुस्सा
घटना के बाद पुलिस द्वारा आरोपी एम.डी. सिंह की गिरफ्तारी की गई, लेकिन थाने से उसकी मुस्कुराते हुए फोटो वायरल होने पर लोगों का गुस्सा बढ़ गया। आमजन का कहना है कि जहां पीड़ित परिवार दहशत में है, वहीं आरोपी का यह रवैया पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है।
आदिवासी समाज में नाराजगी, कार्रवाई पर टिकी नजरें
घटना को लेकर आदिवासी समाज में खासा आक्रोश है। लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, वहीं लोगों की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।













