ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रगणकों के लिए नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ जनगणना का विशेष प्रशिक्षण सत्र

सिंगरौली -भारतीय जनगणना-2027 के अंतर्गत नगर पालिक निगम सिंगरौली के सभागार में आज एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। जनसंपर्क अधिकरी दिवाकर द्विवेदी ने बताया कि यह सत्र विशेष रूप से उन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित किया गया था, जो किन्हीं अपरिहार्य कारणों से पूर्व में आयोजित मुख्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सम्मिलित नहीं हो सके थे। प्रशासन द्वारा इसे अंतिम अवसर के रूप में देखते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इस अवसर पर नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योति सिंह, चार्ज अधिकारी एचएम श्रीवास्तव सहित मुख्य मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे, जिन्होंने फील्ड वर्क से जुड़ी बारीकियों पर प्रकाश डाला।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने डिजिटल ऐप के माध्यम से मकान सूचीकरण और डेटा संकलन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। सत्र में उपस्थित अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या तकनीकी अज्ञानता स्वीकार्य नहीं होगी। प्रशिक्षण से वंचित रहे कर्मचारियों को मोबाइल ऐप के संचालन, ऑफलाइन डेटा एंट्री और सर्वर पर जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, ताकि फील्ड वर्क के दौरान त्रुटि की गुंजाइश न रहे।

 

अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में कार्य के प्रति उदासीनता या बिना सूचना के अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत वर्कफोर्स को प्रशिक्षित कर जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुचारू रूप से संपन्न कराना है।

Author

Related Articles

Back to top button