अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष ने पीड़ित अन्ने बैगा से की मुलाकात, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। मध्य प्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने सोमवार को सिंगरौली प्रवास के दौरान पीड़ित अन्ने बैगा के घर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एनसीएल निगाही की एक निजी सुरक्षा कंपनी के कर्मचारियों पर मारपीट और धमकी देने के आरोप सामने आए थे।
अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान विधायक रामनिवास शाह, विधायक राजेंद्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले राज्य मंत्री राधा सिंह ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया था।













