ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

हिमाचल में नहीं थम रहे सड़क हादसे: सिरमौर में कार खाई में गिरी, मां-बेटी समेत 4 की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के बीच सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल से सामने आया है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटी सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, पियूलाणी-भलोना मार्ग पर सोमवार को यह दुर्घटना उस समय हुई, जब शिक्षिका अमरा देवी अपने बच्चों के साथ स्कूल ड्यूटी के लिए जा रही थीं। हादसे में अमरा देवी (52), उनकी बेटी आराध्या (14), प्रियंका (14) और सज्जन सिंह (62) की जान चली गई। घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सड़कों की खराब हालत को हादसे का बड़ा कारण बताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर गड्ढे और धंसे हिस्से लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घटना पर शोक जताते हुए प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है। वहीं मौसम विभाग ने 6 मई तक प्रदेश में खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है।

Author

Related Articles

Back to top button