ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दमोह में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार की रिश्वत लेते DEO ऑफिस के तीन बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

दमोह। मध्यप्रदेश में सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी पर लगाम नहीं लग पा रही है। इसी कड़ी में दमोह जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां लोकायुक्त पुलिस ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय के तीन बाबुओं को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त सागर संभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नवेन्द्र कुमार आठया, जो प्राथमिक शिक्षक हैं, ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निलंबन से बहाली और विभागीय जांच खत्म कराने के बदले DEO कार्यालय के बाबू एक लाख रुपए की मांग कर रहे थे। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

सोमवार को तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी बाबू—अनिल कुमार साहू, मनोज कुमार श्रीवास्तव और नीरज कुमार सोनी—80 हजार रुपए रिश्वत लेकर बाइक की डिक्की में रखने लगे, टीम ने मौके पर ही उन्हें दबोच लिया।

लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में लोकायुक्त सागर की विशेष टीम शामिल रही।

Author

Related Articles

Back to top button