पुलिस की जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं।
जनसुनवाई में जमीन विवाद, पारिवारिक मामलों, मारपीट, धोखाधड़ी सहित कई प्रकार की समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से सीधे संवाद कर कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया, जबकि शेष प्रकरणों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। साथ ही राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि सभी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महिला फरियादियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए महिला अधिकारियों द्वारा काउंसलिंग कर समाधान का प्रयास किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गायत्री तिवारी, एसडीओपी रोशनी पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













