कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर किया गया रवाना

सिंगरौली; कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल के निर्देशन में सिंगरौली जिले में जनगणना 2026 की प्रक्रिया सुचारू रूप से प्रारंभ हो गई है। जिले में यह कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा, जिसके प्रथम चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य संपादित किया जा रहा है। इसी क्रम में आम जनमानस के मध्य जनगणना के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर कार्यालय परिसर से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी एवं संयुक्त कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव पाण्डेय ने विधिवत हरी झंडी दिखाकर ‘जनगणना प्रचार रथ’ को रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को जनगणना के महत्व और इसमें सहयोग के प्रति जागरूक करेगा।
उल्लेखनीय है कि जनगणना के इस प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की भौतिक स्थिति, जैसे भवन संख्या, फर्श, दीवारों और छत में प्रयुक्त सामग्री के साथ-साथ मकान के उपयोग और उसकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके साथ ही परिवार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी जैसे मुखिया का नाम, लिंग, जाति श्रेणी , मकान के स्वामित्व की स्थिति और परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या संकलित की जाएगी। मूलभूत सुविधाओं के अंतर्गत पेयजल के स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, प्रकाश की व्यवस्था, रसोईघर की स्थिति और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।
इसके अलावा परिसंपत्तियों के विवरण में रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और वाहनों साइकिल, स्कूटर, कार आदि की उपलब्धता की जानकारी भी एकत्र की जाएगी। साथ ही परिवार द्वारा उपभोग किए जाने वाले मुख्य अनाज और भविष्य में संचार हेतु मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह चरण आगामी जनसंख्या गणना का आधार तैयार करता है और नागरिकों द्वारा साझा की गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही जानकारी प्रदान कर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें।













