बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

दो बाइकों की भिड़ंत में 2 की मौत, 3 घायल

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास चौकी के कछरा गांव में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही निवास चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निवास भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। सभी घायलों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। लोगों का कहना है कि यदि सभी ने हेलमेट पहना होता, तो शायद जान-माल का नुकसान कम होता।

पुलिस के अनुसार मृतक और घायल निवास चौकी क्षेत्र के रजनिया गांव तथा बरका चौकी के अटारी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त पालन और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button