मधुकान कंपनी पर श्रमिक शोषण के आरोप, मजदूरों का प्रदर्शन

सिंगरौली। जिले में स्थित मधुकान कंपनी के खिलाफ मजदूरों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। आरोप है कि श्रमिकों से प्रतिदिन 12 घंटे काम कराया जा रहा है, जबकि भुगतान केवल 8 घंटे का ही किया जा रहा है। इसी के विरोध में मजदूरों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। उनका कहना है कि लंबे समय से शोषण हो रहा है, लेकिन न तो प्रबंधन और न ही संबंधित विभाग इस पर ध्यान दे रहे हैं। मजदूरों ने ओवरटाइम का उचित भुगतान न मिलने, श्रम कानूनों के उल्लंघन और कार्यस्थल पर सुरक्षा व मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत भी की।मजदूरों ने मांग की है कि कार्य के अनुसार पूरा वेतन दिया जाए, ओवरटाइम भुगतान पारदर्शी हो और श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
फिलहाल इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मजदूरों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।













