ट्रैफिक सिग्नलों की सोलर बैटरियां चोरी, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल

सिंगरौली। जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब चोरों ने सरकारी संपत्ति को निशाना बनाते हुए बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में ट्रैफिक सिग्नलों में लगी सोलर बैटरियां पार कर दीं।
मिली जानकारी के अनुसार माजन मोड़ चौराहा और पुराने यातायात चौराहे से करीब 23 सोलर बैटरियां चोरी हो गईं। ये बैटरियां 12 से 15 फीट की ऊंचाई पर लगी थीं, जिससे यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है। आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
चौंकाने वाली बात यह है कि घटना स्थल कोतवाली थाना से महज 200-300 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो जाना पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करता है।सूत्रों के अनुसार नगर निगम ने 24 अप्रैल को पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कथित तौर पर थाना स्तर पर संज्ञान नहीं लिया गया। इससे पहले भी जिला चिकित्सालय परिसर से चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।स्थानीय लोगों ने जल्द खुलासा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।













