बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल कर्मचारियों को हेलमेट अभियान से किया गया जागरूक, 400 चालकों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का दिया संदेश

सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 26 अप्रैल से 10 मई 2026 तक हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना यातायात पुलिस ने जयंत स्थित एनसीएल क्षेत्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंहा तथा नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोटों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

अधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की कि वे न केवल स्वयं हेलमेट पहनें, बल्कि अपने परिवारजनों और परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करें। साथ ही हेलमेट की स्ट्रिप अच्छी तरह बांधने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान की शुरुआत से अब तक नियमों का उल्लंघन करने वाले 730 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। इनमें हेलमेट न पहनने वाले 400 दोपहिया वाहन चालकों के चालान शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।

Author

Related Articles

Back to top button