वैगा बस्ती में नगर निगम का विशेष शिविर, मौके पर समस्याओं का समाधान

सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र के निगाही वार्ड-22 स्थित वैगा बस्ती में नगर निगम द्वारा विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड, समग्र आईडी केवाईसी, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर के दौरान नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की मौजूदगी में वार्ड पार्षद संजय सिंह, आरआई, पटवारी, वार्ड प्रभारी तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही। सम्बल कार्ड, खाद्यान्न राशन कार्ड और फिंगरप्रिंट केवाईसी से जुड़े कार्य भी किए गए।
कुछ लोगों को आधार से जुड़े मोबाइल नंबर न होने के कारण ओटीपी समस्या का सामना करना पड़ा, वहीं कुछ के आधार कार्ड नहीं होने से प्रक्रिया में बाधा आई। इसके बावजूद टीम ने अधिकांश समस्याओं का समाधान किया।
अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि ऐसे शिविर आगे भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं मिल सकें।













