बरगवां में लूट करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

सिंगरौली जिले के थाना बरगवां पुलिस ने बीते दिनों लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, आधार कार्ड, पेन कार्ड और पर्स बरामद किया है।
जानकारी अनुसार फरियादी शिवेंद्र कुमार तिवारी निवासी ग्राम हरफरी थाना चितरंगी ने 5 मई को बरगवां थाने में तहरीर दी थी कि 4 मई की रात करीब 8 बजे बरगवां क्षेत्र में तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट कर 4800 रुपए नकद, आधार कार्ड, पेन कार्ड और पर्स छीन लिया। साथ ही आरोपियों ने आधार कार्ड से अंगूठा लगवाकर 4500 रुपए भी निकाल लिए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक मोहम्मद समीर ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 263/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत प्रकरण कायम किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कमलेश साकेत उर्फ लक्की पिता भैयाराम साकेत, सुमित कुमार साकेत पिता रामाधार साकेत दोनों निवासी बरहवाटोला, तथा विकास कुमार साकेत पिता भगवान दास साकेत निवासी धौडर हाल बरहवाटोला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहीं पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लुटे गए 9300 रुपए नकद सहित दस्तावेज बरामद किए गए। बाद में तीनों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल बैढ़न भेज दिया गया।
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी सिंगरौली गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक मो. समीर, सउनि अरुण पटेल, विनोद मिश्रा, प्रधान आरक्षक फूल सिंह, संजय यादव, अनुप मिश्रा, नंदकिशोर बागरी, आरक्षक अरविंद यादव और प्रतीक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













