जनगणना कार्य की प्रगति एवं सटीकता सुनिश्चित करने प्रशासनिक अधिकारियों ने किया वार्डों का सघन निरीक्षण

सिंगरौली, । भारत सरकार के महत्वाकांक्षी जनगणना अभियान के अंतर्गत सिंगरौली जिले में जनगणना कार्यों की सुचारू प्रगति एवं जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने हेतु वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न वार्डों एवं गृह सूचीकरण खंड (एचएलबी) क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना तथा क्षेत्र स्तर पर सामने आ रही तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना रहा। निरीक्षण दल का नेतृत्व अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री प्रभाव शंकर त्रिपाठी, जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रिया त्रिपाठी एवं सहायक जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव पांडे द्वारा किया गया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में प्रगणकों द्वारा किए जा रहे गृह सूचीकरण खंड कार्यों की बारीकी से जांच की तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने ऑनलाइन आंकड़ा समन्वयन एवं पोर्टल पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि अथवा आंकड़ों में विसंगति न होने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक घर का भौतिक सत्यापन पूर्ण करने एवं प्रतिवेदन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सटीकता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आंकड़ों संबंधी विसंगति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान नगर जनगणना अधिकारी ज्योति सिंह एवं जोन जनगणना अधिकारी श्री श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे और उन्होंने तकनीकी बिंदुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सर्किल क्रमांक-19 के पर्यवेक्षक श्री सुशील यादव, श्री विनोद कुमार प्रजापति एवं अधिकारी श्री गोविंद चौरसिया ने अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। निरीक्षण दल द्वारा मौके पर ही कई क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान कर गणना कार्य को और अधिक गति प्रदान की गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं टीमों को प्रोत्साहित किया जाएगा।













