सिंगरौली में जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगणकों को किया गया सम्मानित

सिंगरौली। जिला सिंगरौली में जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य को 100 प्रतिशत पूर्ण करने वाले प्रगणकों को कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रगणकों ने अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रथम चरण की गणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और समयबद्ध तरीके से संपन्न किया। कलेक्टर श्री बैनल ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी और समर्पण से ही सटीक आंकड़ों का संकलन संभव हो पाता है।
उन्होंने प्रगणकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जिले में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुआ और इस तरह की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। कलेक्टर ने सभी प्रगणकों को भविष्य में भी इसी निष्ठा और परिश्रम से कार्य करने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारियों ने भी प्रगणकों को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। यह कार्यक्रम जिले में जनगणना कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता को सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना गया।













