नाली विवाद में खूनी संघर्ष, परिवार पर हमला; बहू का हाथ टूटा, मासूम घायल

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र में नाली विवाद के कारण कथूरा गांव में एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। पीड़ित परिवार ने माड़ा पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
घटना 4 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे हुई। भारी बारिश के कारण नाली में कचरा जमा हो गया, जिसे लेकर रामगुलाब कुशवाहा के चचेरे भाई रामनरेश कुशवाहा और उनकी पत्नी राजकुमारी कुशवाहा के बीच विवाद हुआ। गाली-गलौज पर रोक लगाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने हिंसक हमला कर दिया।
आरोप है कि आरोपी लोहे के सब्बल और लाठी से प्रहार करते हुए रामगुलाब व उनके परिवार पर हमला किए। बहू शुभम कुशवाहा का बायां हाथ टूट गया और मासूम पोती मीनाक्षी के गाल पर गंभीर चोट आई। पत्नी जानकी कुशवाहा भी हमले में घायल हुई।
पीड़ित रामगुलाब ने माड़ा पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने और केवल हल्की धाराओं में खानापूर्ति करने का आरोप लगाया। इसके बाद आरोपी परिवार को धमकियां देने लगे।न्याय की आस में पीड़ित परिवार शुक्रवार को एसपी सिंगरौली कार्यालय पहुंचा और निष्पक्ष जांच व सुरक्षा की मांग की। रामगुलाब ने प्रशासन से अनुरोध किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गरीब परिवार को न्याय मिले।













