रेलवे ठेके के नाम पर 36 लाख की ठगी, पन्ना से आरोपी गिरफ्तार

कटनी। रेलवे ठेका दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 36 लाख 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को एनकेजे पुलिस ने पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की पूरी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई टोयोटा फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली है।
एनकेजे थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत ने बताया कि 5 मई 2026 को दुर्गाचौक निवासी 59 वर्षीय देवकीनंदन परौहा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पन्ना निवासी तुलसी राम साहू उर्फ बोका साहू ने खुद को रेलवे का बड़ा ठेकेदार बताकर उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने ग्राम सकारिया में रेलवे का बड़ा ठेका मिलने की बात कहकर निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने दस्तावेजों की हेराफेरी कर पीड़ित से कुल 36 लाख 30 हजार रुपए ऐंठ लिए। मामले की जांच के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
कटनी साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिसके आधार पर आरोपी की लोकेशन पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी गई पूरी नकद राशि और फॉर्च्यूनर कार जब्त कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।













