जबलपुर में सनसनी: घरों में काम करने वाली महिला की गला दबाकर हत्या, मकान मालिक फरार

जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घरों में काम करने वाली 38 वर्षीय आरती चौधरी का शव एक सूने मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद से मकान मालिक अतुल कोरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने अतुल कोरी के मकान का दरवाजा बाहर से बंद देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर संदेह हुआ और अंदर जाकर देखने पर आरती चौधरी का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि जिस मकान में वारदात हुई, वहां अतुल अपनी मां के साथ रहता था। उसकी मां दो दिन पहले एक विवाह समारोह में शामिल होने बाहर गई थी।
दुष्कर्म की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या कर दी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पार्षद अविनाश चमकेल ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सूचना देने के करीब तीन घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। मृतका अपने छोटे बच्चे का पालन-पोषण करती थी। वहीं आरोपी अतुल कोरी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस उसके पुराने मामलों की जांच करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।













