लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बने नए CDS, जनरल अनिल चौहान की लेंगे जगह

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। नियुक्ति के साथ ही लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि सैन्य मामलों के विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने उन्हें चार दशक से अधिक का अनुभव रखने वाला अत्यंत सम्मानित सैन्य अधिकारी बताया है। वर्तमान में वे सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे सेना के उप प्रमुख और केंद्रीय कमान के जीओसी-इन-सी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
गढ़वाल राइफल्स से शुरू हुआ सैन्य सफर
लेफ्टिनेंट जनरल राजा सुब्रमणि ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन हासिल किया था। अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने पश्चिमी और उत्तरी मोर्चों सहित कई महत्वपूर्ण परिचालन क्षेत्रों में नेतृत्व किया।
उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ब्रैक्नेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज से भी प्रशिक्षण लिया है। साथ ही नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज में अध्ययन किया।
कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं
राजा सुब्रमणि ने सेना मुख्यालय, पूर्वी कमान और जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स सेक्टर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे कजाकिस्तान के अस्ताना स्थित भारतीय दूतावास में रक्षा अटैची भी रह चुके हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM), अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM), सेना पदक (SM) और विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।













