बारात में 52 वर्षीय व्यक्ति के साथ क्रूर दुष्कर्म
सरई थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी के विरूद्ध बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल 52 वर्षीय व्यक्ति के साथ क्रूर और शर्मनाक अपराध का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी श्यामजी जायसवाल के खिलाफ बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 1 मई 2026 की रात करीब 1 बजे हुई। बारात में शामिल पीड़ित को आरोपी ने झूठ बोलकर दूल्हे के भाई के पास जाने के लिए मनाया। भरोसा कर पीड़ित उसके साथ चला गया। आरोपी ने उन्हें बारात से कुछ दूरी पर सुनसान और अंधेरी जगह पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की और इसके बाद अप्राकृतिक दुष्कर्म किया।
मारपीट और अपराध के दौरान पीड़ित को गंभीर चोटें आईं और काफी रक्तस्राव हुआ। आरोपी ने भागते समय धमकी दी कि यदि किसी को घटना बताई गई या पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, तो जान से मार देगा। पीड़ित ने अपने परिचितों को घटना की जानकारी दी और 3 मई को सरई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सरई थाना प्रभारी टीआई जितेंद्र सिंह भदौरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(1ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।













