युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने शराब में जहर देकर हत्या की जताई आशंका

सिंगरौली: जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झखरावल में एक 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। मृतक की पहचान शिवप्रसाद साकेत के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि युवक को शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया है।मृतक के भाई हरिप्रसाद साकेत ने राजकुमार साकेत के साथ जियावन थाने पहुंचकर पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से था विवाद, अलग रहता था मृतक
मृतक के भाई हरिप्रसाद ने पुलिस को जानकारी दी कि शिवप्रसाद साकेत शराब पीने का आदी था। वह परिवार से अलग रहता था और पिछले तीन वर्षों से अपने बड़े पिता की पतोहू अनारकली साकेत के घर पर रह रहा था। पारिवारिक विवाद के चलते शिवप्रसाद की पत्नी भी उसके साथ नहीं रहती थी और वह अपने मायके ग्राम जोगिनी में रह रही थी। परिजनों का सीधा आरोप है कि शिवप्रसाद को साजिशन शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया, जिसके कारण उसकी मौत हुई। पुलिस फिलहाल इन आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इस पूरे मामले पर जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल देवसर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम (पीएम) रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।













