मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन: जयंत बस स्टैंड पर दीनदयाल रसोई बनी जरूरतमंदों का सहारा

सिंगरौली। राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारते हुए नगर निगम सिंगरौली द्वारा जयंत बस स्टैंड में संचालित दीनदयाल रसोई योजना जरूरतमंदों और यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। यहां मात्र 5 रुपये में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन द्वारा संचालित इस रसोई केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक, यात्री एवं जरूरतमंद लोग भोजन का लाभ उठा रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
योजना के नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि बस स्टैंड परिसर में संचालित रसोई केंद्र पर भोजन के साथ स्वच्छ पेयजल की भी समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं नवीन भवन में विद्युत साज-सज्जा का कार्य पूरा होते ही रसोई को और अधिक सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित स्वरूप में संचालित किया जाएगा।
नगर निगम सिंगरौली का कहना है कि दीनदयाल रसोई योजना का उद्देश्य गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराना है। निगम प्रशासन योजना के सफल संचालन के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है।राज्य शासन की यह पहल सामाजिक सरोकार और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।













