सिंगरौली में नई पुलिसिंग की दिशा: एसपी शियाज के एम ने गिनाईं प्राथमिकताएं

सिंगरौली। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक शियाज के एम ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही साफ संदेश दिया कि आने वाले समय में जिले में पुलिसिंग अधिक सक्रिय, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होगी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर कानून-व्यवस्था, यातायात, अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
एसपी शियाज के एम ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पुलिस की कार्यप्रणाली आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करेगी। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था में सुधार पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत कर संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी और अपराधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
एसपी शियाज ने खुद को फील्ड का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और पुलिस महकमे में हर अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही सुनिश्चित करेंगे।
पूर्व पुलिस अधीक्षक के कार्यकाल में कानून व्यवस्था को लेकर उठे सवालों को ध्यान में रखते हुए, जिले की जनता और पुलिस विभाग दोनों को नवागत एसपी से बेहतर पुलिसिंग और प्रभावी कार्यशैली की उम्मीद है।नए एसपी के पदभार ग्रहण के साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था में बदलाव और पुलिसिंग के प्रति नई सक्रियता का संदेश साफ दिखने लगा है।













