चलित प्रयोगशाला के माध्यम से सिंगरौली और विंध्यनगर के मिठाई व जूस केंद्रों पर खाद्य पदार्थों जॉच की गई

सिंगरौली- जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने हेतु एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की ‘चलित खाद्य प्रयोगशाला ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अमले ने अनपरा रोड, खनहना स्थित ‘दुर्गा स्वीट्स’ का औचक निरीक्षण किया, जहाँ मोबाइल लैब के माध्यम से खोवा, पनीर, छेना, बर्फी और बूंदी के लड्डू जैसे दुग्ध उत्पादों की मौके पर ही जांच की गई। इसके उपरांत टीम ने विंध्यनगर क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए ‘काशी नरेश जूस सेंटर’, ‘दिलखुश लस्सी’, ‘आनंद स्वीट्स’ एवं ‘राजस्थान स्वीट्स’ पर दबिश दी। यहाँ भीषण गर्मी के मद्देनजर विशेष रूप से आम के रस और लस्सी की गुणवत्ता जांची गई, साथ ही विभिन्न मिठाइयों के नमूने भी लिए गए।
जांच की इस प्रक्रिया के दौरान प्रयोगशाला के विशेषज्ञों ने उपभोक्ताओं और स्थानीय नागरिकों को मिलावट के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने प्रायोगिक तौर पर बताया कि कैसे साधारण घरेलू तरीकों से दूध, मावा और अन्य खाद्य सामग्रियों में हानिकारक रसायनों या कृत्रिम रंगों की मिलावट को पहचाना जा सकता है।
निरीक्षण के अंत में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मिलावटी या बासी खाद्य सामग्री की बिक्री पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दोहराया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने के लिए इस प्रकार का चेकिंग अभियान पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगा।













