ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवसर तहसील में पुराने राजस्व मामलों के निराकरण में आई तेजी, वर्षों बाद पक्षकारों को मिलने लगी राहत

सिंगरौली। जिले की देवसर तहसील में वर्षों से लंबित पड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हाल के समय में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली है। लंबे समय से तारीखों में उलझे विवादित मामलों को अब जमीनी स्तर पर समझकर समाधान की दिशा में कार्रवाई किए जाने से लोगों को राहत मिलने लगी है।

जानकारी के अनुसार तहसीलदार रिषी नारायण सिंह के कार्यकाल के दौरान कई पुराने और जटिल राजस्व मामलों को गंभीरता से लिया गया। संबंधित प्रकरणों की गहन जांच कर पक्षकारों से चर्चा की गई और कई मामलों का आपसी सहमति से समाधान कराया गया। वहीं कुछ मामलों में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए निराकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले राजस्व मामलों में लगातार तारीखें देकर प्रकरणों को लंबा खींचा जाता था, जिससे पक्षकार वर्षों तक परेशान रहते थे। लेकिन पिछले कुछ समय में प्रशासनिक स्तर पर मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में ठोस प्रयास दिखाई दिए हैं। इससे आम लोगों में राजस्व व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।

क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह के स्थानांतरण के बावजूद उनके कार्यकाल में किए गए कार्यों की सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि यदि इसी प्रकार की कार्यप्रणाली कुछ और समय तक जारी रहती, तो कई अन्य पुराने लंबित प्रकरणों का भी समाधान संभव हो सकता था।

राजस्व मामलों के तेजी से निराकरण को लेकर पक्षकारों और ग्रामीणों ने संतोष जताया है। उनका कहना है कि समय पर सुनवाई और निष्पक्ष कार्रवाई से लोगों को अनावश्यक कानूनी और आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सकती है।

Author

Related Articles

Back to top button