युवा संगम रोजगार मेला 19 मई को
सिंगरौली,/ मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए आगामी 19 मई मंगलवार को जिला स्तरीय “युवा संगम- रोजगार, स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग और शासकीय आईटीआई सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला सुबह 10:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक शासकीय आईटीआई परिसर, सिंगरौली में चलेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान करना है।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं उत्तीर्ण से लेकर 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बी.टेक, स्नातक एवं स्नातकोत्तर निर्धारित की गई है। मेले में सम्मिलित होने वाले आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन होने पर वेतनमान संबंधित कंपनियों के नियमानुसार देय होगा।
मेले में महान इनर्जन (अदानी पावर), जे.पी. पावर वेंचर, रिलायंस सासन पावर, रिलायंस सासन कोल माइंस, एस.आई.एस. सिक्योरिटी, एल.आई.सी. बैढन, अदानी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, यशस्वी ग्रुप और शताब्दी प्लाईवुड जैसी प्रमुख कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र एवं उनकी फोटोकॉपी, दो पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड और जीवित रोजगार पंजीयन अनिवार्य रूप से लेकर आएं। जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मेले में पहुँचकर स्वर्णिम भविष्य के इस अवसर का लाभ उठाएं। विस्तृत जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला रोजगार कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।












