कन्वेयर बेल्ट चालू होते ही नीचे गिरे दो मजदूर: सिंगरौली में हादसे के बाद भड़का गुस्सा, सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित Sasan Power Limited के कन्वेयर बेल्ट में हुए हादसे के बाद गुरुवार को ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते कई घंटों तक कंपनी का कामकाज प्रभावित रहा और कर्मचारियों को परिसर में प्रवेश तक नहीं करने दिया गया।

मेंटेनेंस के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रिलायंस कन्वेयर बेल्ट में वेल्डिंग और मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक कन्वेयर बेल्ट चालू हो गई। बेल्ट चालू होते ही वहां काम कर रहे श्रमिक रामकृपाल और नागेंद्र सिंह उसकी चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। घायल श्रमिक कोयलखूथ और भुडकुड़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
“कंपनी की लापरवाही से हुआ हादसा”
घटना के दूसरे दिन परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित होकर सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों का कहना था कि मेंटेनेंस कार्य के दौरान कन्वेयर बेल्ट चालू होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
प्रदर्शन के दौरान सुबह से दोपहर तक कंपनी कर्मचारियों को अंदर जाने से रोक दिया गया। कई कर्मचारी सड़क किनारे खड़े होकर हालात सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
परिजनों की मांग: इलाज, मुआवजा और नौकरी
पीड़ित परिवारों ने कंपनी प्रबंधन के सामने कई मांगें रखीं। परिजनों का कहना है कि घायल श्रमिकों का पूरा इलाज कंपनी अपने खर्च पर कराए। साथ ही उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्च भी उठाया जाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि यदि हादसे में घायल मजदूर स्थायी रूप से विकलांग होते हैं तो उनके परिवार को लंबे समय तक आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही भविष्य में उनके बच्चों को कंपनी में नौकरी देने की भी मांग उठाई गई।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख तहसीलदार Savita Yadav और नवानगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। प्रशासन का कहना है कि कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच लगातार बातचीत जारी है और सहमति बनने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं कंपनी के अधिकारी भी लगातार परिजनों से चर्चा कर मामला सुलझाने में जुटे हुए हैं।













