देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

NEET-UG 2026: 21 जून को दोबारा होगी परीक्षा, पेपर लीक के बाद NTA ने जारी की नई तारीख

नई दिल्ली:मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 की तैयारी कर रहे लाखों परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को देश भर में आयोजित की जाएगी।

पेपर लीक के चलते रद्द हुई थी 3 मई की परीक्षा
गौरतलब है कि इससे पहले 3 मई को आयोजित हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद एनएनटीए ने पुनरीक्षा का कार्यक्रम जारी किया है। एजेंसी ने परीक्षार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर (011-40759000) या ईमेल (neet-ug@nta.ac.in) पर संपर्क किया जा सकता है।

शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक
परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में शिक्षा सचिव विनीत जोशी, एनटीए महानिदेशक अभिषेक सिंह और सीबीएसई अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

एक्शन मोड में CBI: जयपुर में आरोपियों के घर दबिश
वहीं दूसरी ओर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) पेपर लीक मामले की जांच में तेजी से जुटी है। गुरुवार को सीबीआई की एक विशेष टीम जयपुर के जमवारामगढ़ पहुंची। टीम ने मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों के परिजनों से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। सीबीआई उन कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है जिनके जरिए पेपर लीक गिरोह ने परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाई थी।

महत्वपूर्ण: परीक्षार्थी नए एडमिट कार्ड और केंद्रों की जानकारी के लिए लगातार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

Author

Related Articles

Back to top button