बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माड़ा उपखंड के दूरस्थ ग्राम जीर में आयोजित हुई रात्रि जन चौपाल

कलेक्टर गौरव बैनल ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, लापरवाही पर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर कार्रवाई के निर्देश

सिंगरौली। माड़ा उपखंड के दूरस्थ ग्राम जीर में शुक्रवार रात कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में रात्रि जन चौपाल आयोजित की गई। जन चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान स्वास्थ्य, राशन वितरण, आंगनबाड़ी, पेयजल, राजस्व और हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें सामने आईं, जिन पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों की लापरवाही पर सख्ती
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर संचालित नहीं होते और बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं भोजन नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हों और बच्चों को निर्धारित पोषण आहार समय पर उपलब्ध कराया जाए।

गर्भवती महिलाओं की जांच नहीं होने पर कार्रवाई
उप स्वास्थ्य केंद्र की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और समय पर चिन्हांकन नहीं किया जा रहा है। इस गंभीर लापरवाही पर कलेक्टर ने संबंधित एएनएम और आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए, वहीं क्षेत्र के सीएचओ पर भी कार्रवाई के आदेश दिए।
कलेक्टर ने विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, चिन्हांकन और आवश्यक जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही गांव के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर एसएएम और एमएएम बच्चों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों का चिन्हांकन कर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनाने के निर्देश भी दिए।

राशन वितरण में गड़बड़ी पर जांच के आदेश
ग्रामीणों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितता की शिकायत करते हुए बताया कि राशन नियमित रूप से नहीं दिया जाता और पीओएस मशीन में अंगूठा लगाकर डेटा दर्ज कर लिया जाता है। राशन में कटौती की शिकायत पर कलेक्टर ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी को संबंधित कोटेदार के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि खाद्य आपूर्ति अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करें तथा ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी शिविर में पूरी कराई जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

सचिव और सहायक सचिव की अनुपस्थिति पर नाराजगी
ग्रामीणों ने पंचायत सचिव और सहायक सचिव की अनुपस्थिति तथा योजनाओं में लापरवाही की शिकायत भी की। ग्रामीणों ने बताया कि आधार और समग्र ई-केवाईसी नहीं होने से कई पात्र लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए राजस्व अधिकारियों को शिविर लगाकर समयसीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही पटवारियों को अपने हल्कों में नियमित रूप से उपस्थित रहने के आदेश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश
गांव में पेयजल समस्या की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पीएचई विभाग को बंद पड़े हैंडपंप तत्काल चालू कराने और पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नल-जल योजना के माध्यम से गांव में बेहतर पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।साथ ही ग्रामीणों से जल गंगा संवर्धन अभियान और जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। जनपद पंचायत बैढ़न के सीईओ को गांव में तालाब निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चयन करने के निर्देश भी दिए गए।

महिलाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण देने का आश्वासन
कलेक्टर ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं ने टेलरिंग सहित अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने महिलाओं को उनकी रुचि के अनुसार प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।उन्होंने महिलाओं से समूह में अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने तथा बकरी पालन, मुर्गी पालन और डेयरी आधारित परियोजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने का आग्रह किया, ताकि एसआरएलएम और सीएसआर मद से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर उनकी आय बढ़ाई जा सके।

16 मई को लगेगा विशेष विभागीय शिविर
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए और इस कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से 16 मई को सुबह 10 बजे से ग्राम जीर पंचायत में विशेष विभागीय शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, पीएचई, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, जनपद पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहकर मौके पर समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ ही आधार कार्ड अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।जन चौपाल में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, तहसीलदार जानवी शुक्ला, प्रतिष्ठा सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, डीपीओ जितेंद्र गुप्ता, खाद्य आपूर्ति अधिकारी पी.सी. चंद्रवंशी, सहकारिता आयुक्त पी.के. मिश्रा, ईई पीएचई त्रिलोक सिंह वरकड़े, जनपद पंचायत बैढ़न के सीईओ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button