जमीनी विवाद में घायल महिला की मौत, परिजनों ने शव लेकर थाने में किया हंगामा
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बढ़ाई हत्या की धाराएं

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखाझरिया गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों द्वारा लाठी-डंडों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल 38 वर्षीय कलावती अगरिया की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोग शव लेकर सरई थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार घटना 11 मई की सुबह करीब 6 बजे की है। कलावती अगरिया का अपने पड़ोसी रामभजन अगरिया के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद उस दिन इतना बढ़ गया कि रामभजन अगरिया और उसके साथियों ने कलावती पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कलावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति बिहारी लाल और बेटी को भी चोटें आईं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कलावती घटनास्थल पर ही बेहोश हो गई थीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल बैढ़न रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेज दिया गया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर सरई थाने पहुंचे और आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने में करीब दो घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजनों का आरोप था कि यदि पुलिस पहले सख्त कार्रवाई करती तो महिला की जान बच सकती थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। सरई थाना प्रभारी ने बताया कि घटना वाले दिन ही मारपीट का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी रामभजन अगरिया को हिरासत में ले लिया गया था। अब महिला की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।













