स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत एनटीपीसी विंध्याचल में निकली भव्य स्वच्छता रैली

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत शनिवार को भव्य स्वच्छता रैली एवं शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों, उनके परिजनों, सीआईएसएफ जवानों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
स्वच्छता रैली की शुरुआत विंध्य क्लब परिसर से हुई, जो नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए सर्वेश्वर मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पूरे नगर परिसर में स्वच्छता के संदेश गूंजते रहे।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी ने प्रतिवर्ष 100 घंटे स्वच्छता कार्यों के लिए समर्पित करने, स्वयं गंदगी न फैलाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ए.जे. राजकुमार, एम. सुरेश, एस.के. सिन्हा, डॉ. बी.के. भराली एवं रूमा दे शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल ने स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को मजबूती से प्रदर्शित किया।













