राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में लगी आग
रतलाम के पास बड़ा हादसा टला, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

Ratlam। दिल्ली के Hazrat Nizamuddin Railway Station जा रही Rajdhani Express के दो कोचों में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुआ, जब ट्रेन रतलाम से रवाना होकर आगे बढ़ रही थी। घटना पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा रेल मंडल क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार Thiruvananthapuram Rajdhani Express सुबह करीब 5:30 बजे लूणी-विक्रमगढ़ के बीच पहुंची थी, तभी बी-1 कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दो कोचों को अपनी चपेट में ले लिया। बोगी से धुआं और लपटें उठती देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया।
रेलवे की तत्परता से बचीं यात्रियों की जान
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया और करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया। आग प्रभावित दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जिसके बाद शेष ट्रेन को आगे रवाना किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
हालांकि आग में दो कोच पूरी तरह जल गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित
आग लगने की घटना के बाद नई दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। प्रभावित ट्रेनों में गाड़ी संख्या 19020 को शामगढ़, 12416 को सुवासरा, 05017 को नाथूखेड़ी, 12472 स्वराज एक्सप्रेस को शामगढ़, 22210 को चौमहला, 01492 पुणे स्पेशल को मोड़क स्टेशन तथा 19103 मेमो एक्सप्रेस को रतलाम स्टेशन पर रोका गया।
जांच के आदेश जारी
घटना को गंभीरता से लेते हुए Ministry of Railways ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। रेलवे बोर्ड ने इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और कोचिंग विभाग के अधिकारियों की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति यह पता लगाएगी कि आग ट्रेन के भीतर तकनीकी कारणों से लगी या किसी बाहरी वजह से हादसा हुआ।













