कांग्रेस संगठन में बड़ा दायित्व- रमाशंकर शुक्ल बने मध्यप्रदेश कांग्रेस उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष

सिंगरौली। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन विस्तार करते हुए सिंगरौली जिले के वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता रमाशंकर शुक्ल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। नियुक्ति की घोषणा होते ही जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह मनोनयन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र पटवारी के निर्देश पर किया गया है। आदेश पर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ला के हस्ताक्षर हैं। वहीं सभी प्रकोष्ठ प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान की सहमति के बाद यह नियुक्ति प्रभावी हुई।
प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र में आशा व्यक्त की गई है कि रमाशंकर शुक्ल पार्टी संगठन के हित में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करेंगे और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रमाशंकर शुक्ल सिंगरौली जिले के देवसर तहसील, ग्राम खड़ौरा, पोस्ट झकरावल के निवासी हैं और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं। क्षेत्र में उनकी सक्रिय राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रमाशंकर शुक्ल को बधाई और शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।













