जंगल उजड़ने से गांवों में जंगली जानवरों का खतरा बढ़ा
गहिलरा गांव में बुजुर्ग पर जंगली सूअर ने किया जानलेवा हमला

सिंगरौली। सिंगरौली जिले के ग्राम गहिलरा में जंगल में पत्ती तोड़ने गए एक बुजुर्ग पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। घटना के अनुसार सूरूज लाल शाह (उम्र लगभग 60 वर्ष), पिता जुगुल शाह, जंगल में पत्ती तोड़ रहे थे, तभी जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बैढ़न ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार जंगल उजड़ने और पेड़ों की कटाई के कारण जंगली जानवर अब गांव और रिहायशी इलाकों की ओर आने को मजबूर हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है और रोज़ाना जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से आग्रह किया है कि जंगलों की सुरक्षा के साथ-साथ गांवों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।













