लखीमपुर-खीरी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-मैजिक की टक्कर में 10 लोगों की मौत
तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से मारी टक्कर, शवों की हालत देख दहल उठे लोग

लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे मैजिक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि मैजिक वाहन करीब 10 फीट तक घिसटता चला गया। वाहन में दो महिलाओं समेत कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर के बाद कई लोगों के सिर फट गए और कुछ लोग सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए। दो लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर पहुंची स्थानीय भीड़ ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था, तभी बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
खमरिया सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं सीएचसी खमरिया के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कई शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे।
इस भीषण हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के सख्त इंतजाम की मांग की है।













