जैन धर्मशाला में महिला से छेड़छाड़ और लूट का प्रयास
बच्चे को चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी

जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पिसनहारी की मढिया जैन तीर्थ धर्मशाला में रविवार रात जयपुर से आई एक महिला के साथ छेड़छाड़ और लूट का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद धर्मशाला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार महिला अपने परिवार के साथ दर्शन के लिए जैन तीर्थ स्थल पहुंची थी। रात के समय वह बच्चों को वॉशरूम ले गई थी। बताया जा रहा है कि वहां पहले से एक युवक छिपा हुआ था। लौटते समय आरोपी अचानक सामने आ गया और चाकू दिखाकर महिला से छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी ने लूट की कोशिश करते हुए महिला के बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े। भीड़ को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने धर्मशाला परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसमें संदिग्ध युवक कैद हुआ है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिसर में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। गढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना के बाद श्रद्धालुओं में भय और आक्रोश का माहौल है।













