बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में पांच वाहन आपस में भिड़े, कई घायल

शारदा मंदिर रोड पर भीषण हादसा, वाहनों के उड़े परखच्चे; लोगों ने चलाया रेस्क्यू

जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के शारदा मंदिर रोड पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां अचानक पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कई लोग गाड़ियों के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही बरेला पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नागा घाटी से नीचे उतरते समय सड़क सपाट होने के कारण भारी वाहनों के ब्रेक अक्सर जवाब दे जाते हैं, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस खतरनाक मार्ग को लेकर कई बार प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

लगातार हो रहे हादसों के कारण शारदा मंदिर रोड का यह हिस्सा अब “ब्लैक स्पॉट” बन चुका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहां न तो पर्याप्त सुरक्षा संकेतक लगाए गए हैं और न ही प्रभावी गति नियंत्रण व्यवस्था है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button