बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

छिंदवाड़ा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, 15 वर्षीय किशोर भी मृतकों में शामिल

छिंदवाड़ा। जिले के जुन्नारदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हनोतिया के पास रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइकों की अत्यधिक तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार हनोतिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुछ दूरी पर दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। दोनों वाहनों पर दो-दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट अशोक मालवी, डायल 112 के पायलट शिव अमरावती और प्रधान आरक्षक दिलीप उपाध्याय मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जुन्नारदेव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. प्राची साहू ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 20 वर्षीय चंद्रभान यादव, 15 वर्षीय चमन यादव और 20 वर्षीय सोनू उईके के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button