सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, यात्रियों में मची भगदड़
प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी ट्रेन की जनरल बोगी धू-धू कर जली, बड़ा हादसा टला

सासाराम। बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब सासाराम-आरा-पटना पैसेंजर ट्रेन (53212) की जनरल बोगी डी3 में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 6:45 बजे की है, जब ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी और रवाना होने वाली थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बोगी से जलने की तेज गंध आने लगी, इसके बाद धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं। आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए सामान छोड़कर ट्रेन से नीचे उतरने लगे। आसपास की बोगियों में बैठे यात्री भी घबराकर प्लेटफॉर्म की ओर भागे।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, रेलवे कर्मचारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। जिस कोच में आग लगी थी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया। हालांकि आग से कोच अंदर से पूरी तरह जल गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है। घटना के बाद ट्रेन को रद्द कर दिया गया और प्लेटफॉर्म नंबर 6 को खाली करा दिया गया।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भी आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।













