बरगवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 152 लीटर अवैध शराब सहित स्विफ्ट डिजायर कार जब्त

सिंगरौली: बरगवां थाना पुलिस ने 17 मई 2026 की रात अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 152.4 लीटर शराब और एक ग्रे रंग की मारुती स्विफ्ट डिजायर कार जप्त की। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा गौरव राजपूत और पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा हेमंत सिंह चौहान के निर्देशानुसार की गई।
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि देवसर की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार (गाड़ी नंबर UP32JL0317) अवैध शराब लेकर बरगवां की ओर आ रही है। थाना प्रभारी मो. समीर के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर रवाना हुई। रास्ते में पता चला कि कार ग्राम ओडगडी में पलट चुकी थी। मौके पर तलाशी लेने पर सामने आई कि कार में रायल स्टेज बैरियल व्हिस्की 46 बाटल (34.5 लीटर) और आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की के 655 प्लास्टिक पाव (117.9 लीटर) भरे हुए थे। कुल शराब की कीमत 1,81,600 रुपये आंकी गई।
तलाशी में यह भी पाया गया कि कार में दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगाई गई थीं: JH01DV4357 और BR01DF6042, जबकि वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर UP16DY9409 था। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कार चालक ने जानबूझकर नकली नंबर प्लेट लगाई थी। इसके खिलाफ धारा 336(2), 340(2) बीएनएस एवं 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मो. समीर, सउनि वीरेन्द्र त्रिपाठी, प्रआर. फूल सिंह, संजय यादव, अनूप मिश्रा, नन्दकिशोर बागरी, आर. अरविन्द यादव, शिवराज तोमर, औरीष गुर्जर, प्रतीक कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बरगवां पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी में न सिर्फ बड़ी सफलता मिली है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सख्त संदेश भी दिया गया है।













