बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 151 यूनिट रक्त संग्रहित, विधायक रामनिवास शाह ने की सराहना

सिंगरौली। ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में सर्व समाज के सहयोग से मिश्रा पाली क्लीनिक एंड नर्सिंग होम, वैढ़न में आज विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सभी रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की और कुल 151 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो सिंगरौली जिले में किसी भी रक्तदान शिविर में अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह उपस्थित हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा दान है।” उन्होंने ब्राह्मण समाज और सर्व समाज के लोगों द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक कार्य को प्रेरणादायक बताते हुए इसे निरंतर जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष अमित द्विवेदी, गोविंद पांडेय, डॉ. डी. के. मिश्रा, डॉ. आर. डी. पांडेय, शिवेंद्र पांडेय, मनीष चौबे, आशीष शुक्‍ला, गजमोचन सिंह सहित ब्राह्मण समाज के अन्य पदाधिकारी और सहयोगी उपस्थित रहे।
समाजसेवियों और अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए। आयोजन को सफल बनाने में ब्राह्मण समाज के साथ-साथ सभी सहयोगियों और स्थानीय समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गौरतलब है कि ब्राह्मण समाज पिछले नौ वर्षों से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। इस तरह के कार्यक्रम समाज में सेवा, मानवता और एकता का संदेश फैलाने के साथ-साथ लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी और दानशीलता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।आयोजन में उपस्थित सभी ने यह संकल्प लिया कि रक्तदान और मानवता के इस पुण्य कार्य को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button