13 वर्षीय नाबालिग को मोरवा पुलिस ने 24 घंटे में किया सकुशल बरामद
सीसीटीवी फुटेज और साइबर ट्रैकिंग से मिला सुराग, जिला सीधी से दस्तयाब हुआ बालक

सिंगरौली/ मोरवा पुलिस ने संवेदनशील मामले में त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। पुलिस की सक्रियता, तकनीकी जांच एवं साइबर सेल की मदद से बालक को जिला सीधी से बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 मई 2026 को थाना मोरवा क्षेत्र निवासी एक फरियादी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 13 वर्षीय नाती रात में घर से अचानक गायब हो गया है। फरियादी ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर बालक को कहीं ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोरवा में अपराध क्रमांक 248/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोरवा निरीक्षक डॉ ज्ञानेन्द्र सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर बालक की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्काल रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी जानकारी एवं साइबर सेल की मदद से पुलिस को सुराग मिला कि नाबालिग बालक जिला सीधी स्थित अपनी बुआ के घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सीधी पहुंची और बालक को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
मोरवा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मामले के सफल खुलासे में सउनि उमेश अग्निहोत्री, सउनि सुनील दुबे, प्रधान आरक्षक 229 श्यामसुंदर वैस, आरक्षक 510 ऋषि सिंह, आरक्षक 363 अजय यादव एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













