ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रवेश उत्सव में गूंजा शिक्षा का संदेश, विधायक रामनिवास शाह ने बांटी निःशुल्क साइकिलें

चांचर स्कूल के नवनिर्मित भवन का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

सिंगरौली। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने शुक्रवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांचर में आयोजित प्रवेश प्रारंभ अभियान कार्यक्रम में सहभागिता कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने शासन की योजना के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया तथा नवनिर्मित विद्यालय भवन का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे सशक्त नींव है। हमारा संकल्प है कि क्षेत्र का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े, आगे बढ़े और अपने सपनों को साकार करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय भवन की गुणवत्ता, कक्षाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विकास तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह, विद्यालय के प्राचार्य रामकृष्ण शाहवाल, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह परमार, पार्षद संतोष शाह, अनिल शाह, विद्यालय परिवार, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी से शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि “आइए, शिक्षा के माध्यम से सशक्त, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर सिंगरौली के निर्माण का संकल्प लें।”

Author

Related Articles

Back to top button